प्रभावित परिवार को 10 लाख रूपये की सहायता
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर के महू में हुई घटना को लेकर मजिस्ट्रियल जाँच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को 10 लाख रूपए और बड़े बेटे को नगर परिषद में शासकीय नौकरी दी जाएगी। परिवार के तीन बच्चों की समुचित शिक्षा के लिए जनजातीय छात्रावासों में संपूर्ण व्यवस्था की जाएगी।
पीड़ित परिवार के पास प्रधानमंत्री आवास योजना में पहले से ही आवास है, उसे रेनोवेट कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। मृतक के दाह संस्कार के लिए भी जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री चौहान ने यह जानकारी सोशल मीडिया में जारी संदेश से दी है।
इंदौर कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी ने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान के निर्देश पर मृतक भेरूलाल के परिजन को 10 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। अपर कलेक्टर इंदौर अभय बेडेकर ने प्रभावित परिवार के गाँव पहुँच कर सहायता राशि का चेक परिजन को प्रदान किया। कलेक्टर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी रात में ही घटना स्थल पर पहुँच गये थे।
पुलिस थाना में पथराव और गोली चालन से भेरूलाल की मृत्यु की घटना की मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश दिए गये हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अजय देव शर्मा को जाँचकर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही 5 थाना क्षेत्रों में धारा 144 प्रभावशील करते हुए रैली, धरना, प्रदर्शन आदि पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त रूप से दंडाधिकारी तैनात किये गये हैं।

More Stories
एमपी में शराब नीति सख्त: नई दुकानें नहीं खुलेंगी, अहाते भी बंद रखने का फैसला
एमपी में नई रेललाइन प्रोजेक्ट: 108 गांवों की जमीन अधिग्रहित, 2030 तक पूरा होगा काम
मध्य प्रदेश के इस जिले में सड़कों का नया युग: 254 मार्गों के लिए 225 करोड़ की मंजूरी