विवाह में बेटी की विदाई केवल एक घर से दूसरे घर जाने की रस्म नहीं है, बल्कि इसके साथ दो परिवारों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी जुड़ी होती है. विवाह के समय विदाई की एक ऐसी ही परंपरा है, जिसमें बेटी मायके से विदा होते समय दोनों हाथों में गेहूं या चावल भरकर पीछे की ओर अपने घर में फेंकती है. वहीं, ससुराल पहुंचने पर वह अक्षत से भरे कलश को पैर से स्पर्श कर घर के भीतर गिराकर प्रवेश करती है. विवाह की इन दोनों रस्मों को दो परिवारों की सुख-समृद्धि से जोड़ा जाता है.
सनातन परंपरा में बेटी को घर की लक्ष्मी माना जाता है. इसलिए बेटी मायके से जाते हुए अपने माता-पिता के घर को कभी खाली नहीं देखना चाहती हैं और ससुराल में प्रवेश करते हुए वहां भी हमेशा अन्न, धन और खुशहाली बने रहने की मंगलकामना करती है.
बेटी क्यों पीछे फेंकती हैं गेहूं-चावल?
जिस घर में उसने अपना बचपन बिताया, जिस आंगन में खेलकर बड़ी हुई, उस घर के लिए उसके मन में जीवनभर सुख-समृद्धि की कामना रहती है. यह रस्म बेटी के अपने माता-पिता के प्रति प्रेम, कृतज्ञता और भावनात्मक जुड़ाव को भी दर्शाती है. वह विवाह के बाद भले ही दूसरे घर की सदस्य बन जाए, लेकिन मायके के प्रति उसका स्नेह और शुभकामनाएं कभी कम नहीं होती हैं.
ससुराल में अक्षत कलश गिराकर प्रवेश
विदाई के बाद जब बेटी पहली बार ससुराल पहुंचती है तो वहां उसका स्वागत लक्ष्मी स्वरूप बहू के रूप में किया जाता है. घर के प्रवेश द्वार पर चावल या अक्षत से भरा कलश रखा जाता है. नववधू अपने पैर से उस कलश को स्पर्श कर उसे भीतर की ओर गिराती है और फिर घर में प्रवेश करती है. इस परंपरा के पीछे यह मान्यता जुड़ी है कि नववधू के आगमन से घर में अन्न, धन, सुख और सौभाग्य की वृद्धि हो.
ऐसे में कुछ लोग यह भी सोचते हैं कि सिर्फ चावलों का कलश ही पैर से क्यों गिराया जाता है. इसकी जगह कोई दूसरी सामग्री क्यों नहीं होती है. दरअसल, अक्षत का अर्थ है- एक ऐसा अन्न जो खंडित न हो. पूजा-पाठ में अक्षत को पूर्णता, अखंडता और शुभता का प्रतीक माना जाता है. भारतीय परंपरा में कलश पूर्णता, उर्वरता और मंगल का प्रतीक है. इसलिए अक्षत से भरे कलश को गिराकर प्रवेश करना घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली के आगमन का प्रतीकात्मक संकेत माना जाता है.

More Stories
पुराने कपड़ों से पोछा लगाना पड़ सकता है भारी, वास्तु के अनुसार इन सात बातों का रखें ध्यान
घर की उत्तर दिशा में रखें ये पांच चीजें, वास्तु अनुसार बढ़ेगी सुख-समृद्धि
फ्रिज के ऊपर भूलकर भी न रखें ये 5 चीजें, वास्तु के अनुसार घर की बरकत पर पड़ सकता है असर