जनजातीय एवं वंचित वर्गों की बेटियों को मिलेगा कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का नया अवसर
कॉलेज में 120 छात्राओं को दिया जाएगा दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण, लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से
आधुनिक प्रयोगशालाओं और छात्रावास की सुविधाओं से सुसज्जित संस्थान में मिलेगा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के बाद प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था
रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आरा में स्थापित यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की बेटियों के लिए आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नई राह खोलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नर्सिंग केवल नौकरी या रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। मरीजों की देखभाल, उनके उपचार और जीवन की रक्षा में डॉक्टरों के साथ नर्सिंग कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से पूरी लगन, अनुशासन, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त उद्यम प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूर्ण हो चुका है। विशेष बात यह है कि यहां अध्ययनरत लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित इस संस्थान में छात्राओं को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व के पावन अवसर पर बेटियों को मिली नई सौगात
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का दिन दो महत्वपूर्ण पर्वों के कारण विशेष और पावन है। आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने के उद्देश्य से उनकी जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल की है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छठ महापर्व की भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का यह महान पर्व आस्था, श्रद्धा, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ होना अत्यंत सुखद और सौभाग्य का विषय है।
मुख्यमंत्री साय ने इस महत्वपूर्ण संस्थान की स्थापना और संचालन में योगदान देने वाले पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रथम बैच की सभी 120 छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान उनके सपनों को साकार करने और जीवन में आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में नर्सिंग सेवाओं का महत्वपूर्ण योगदान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वास्थ्य ही मनुष्य की सबसे बड़ी संपत्ति है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश का आधार होते हैं। छत्तीसगढ़ को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना आवश्यक है। राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। पिछले 25 वर्षों में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 15 से अधिक हो गई है। इस वर्ष एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों के उपचार के दौरान नर्सिंग कर्मी निरंतर उनकी देखभाल करते हैं। उनकी संवेदनशीलता, सेवाभाव और समर्पण मरीजों के स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान केवल तकनीकी दक्षता ही प्राप्त न करें, बल्कि मरीजों के प्रति करुणा, सहानुभूति और सेवा की भावना भी विकसित करें। यही गुण उन्हें एक सफल और आदर्श नर्सिंग कर्मी बनाएंगे।

More Stories
स्वनिधि महोत्सव बना जीरो वेस्ट आयोजन की मिसाल, प्लास्टिक से बनाई दूरी
छत्तीसगढ़ के 1,606 केंद्रों पर धान खरीदी शुरू, अब तक 1.98 लाख क्विंटल खरीद
मुख्यमंत्री साय ने तपकरा में दिया छठ महापर्व का संध्या अर्घ्य