November 10, 2026

इजरायल की सियासत में अरब पार्टियों का कितना होगा दबदबा? नेतन्याहू कैंप में हलचल

तेल अवीव
इजरायल में प्रधानमंत्री चुनाव में आए नतीजों के बाद वहां की सियासत अब रोचक मोड़ पर जा खड़ी हुई है. नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई हैं. वहीं, कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने नेतृत्व में यूनिटी गवर्नमेंट बनाने की ओर इशारा किया है. उन्होंने कहा कि मौजूदा चुनौतियों को देखते हुए यूनिटी गवर्नमेंट का गठन देश के लिए बेहद जरूरी है। 

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू जायोनी और हारेदी पार्टियों को मिलाकर एक यूनिटी गवर्नमेंट बनाने की संभावना तलाशने में जुटे हैं. इन चर्चाओं के बीच अंदेशा जताया जा रहा है कि क्या अरब पार्टियां सत्ता की चाबी रखी रह जाएंगी?

बता दें कि नेतन्याहू का इस बाबत ये बयान आइजेनकोट के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे नेतन्याहू और उनके एक कट्टर-दक्षिणपंथी सहयोगी को गठबंधन सरकार में शामिल करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते वे खुद इस सरकार के नेता बने रहें. आइजेनकोट ने इसके लिए शर्त रखी थी कि सरकार का नेतृत्व उनके हाथों में होना चाहिए। 

नेतन्याहू बोले- चुनौतियों का सामना करने के लिए एकजुट होना जरूरी
नेतन्याहू ने अपने ऑफिस की ओर से जारी वीडियो संदेश में कहा, 'मैं किसी को बाहर नहीं रखता और दूसरों को भी किसी को बाहर नहीं रखना चाहिए.' उन्होंने कहा कि देश के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना करने के लिए सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर काम करना होगा। 

नेतन्याहू ने कहा कि लिकुड सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, इसलिए उसे गठबंधन सरकार के गठन की अगुवाई करनी चाहिए. उन्होंने प्रस्ताव दिया कि राष्ट्रीय खेमे की सभी पार्टियों, हरेदी दलों और अन्य सभी जायनिस्ट पार्टियों को एक साथ लाकर सरकार बनाई जाए। 

नेतन्याहू ने यह भी स्पष्ट किया कि जो भी राजनीतिक दल उनके प्रस्ताव पर विचार करने के लिए तैयार है, उसके साथ वह बिना किसी देरी के बातचीत शुरू करने को तैयार हैं। 

क्या है सत्ता में आने का समीकरण?
असल में अरब पार्टियों में जॉइंट लिस्ट के
पास 11 और राआम के पास 8 सीटें हैं. इनके समर्थन से आइजेनकोट के 48 सांसदों का आंकड़ा 67 तक पहुंच सकता है. इसी वजह से अरब पार्टियां सत्ता के समीकरण में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं,  लेकिन इसमें तीन बड़े राजनीतिक पेच हैं। 

पहला तो ये कि आइजेनकोट अरब पार्टियों को सरकार में शामिल करने से इनकार कर चुके हैं. राआम आइजेनकोट सरकार में शामिल होने के लिए तैयार है, जबकि जॉइंट लिस्ट बाहर से समर्थन देने की इच्छुक है. वहीं अब नेतन्याहू जायनिस्ट और हरेदी पार्टियों की एकता सरकार बनाने का प्रस्ताव दे रहे हैं, जिससे अरब पार्टियों के समर्थन की जरूरत समाप्त हो सकती है। 

इसलिए अरब पार्टियां किंगमेकर की भूमिका में तो हैं, लेकिन सत्ता में उनकी भागीदारी तय नहीं हो पा रही है. अगर आइजेनकोट दूसरे दलों के साथ बहुमत जुटा लेते हैं या नेतन्याहू के साथ एकता सरकार बनती है, तो अरब पार्टियों की 'सत्ता की चाबी' किसी काम नहीं आ पाएंगीं।