बीजिंग
ओलिंपिक चैंपियन चीन की झेंग क्निवेन ने रविवार को फ्रेंच ओपन विजेता मीरा आंद्रिवा को 7-5, 6-4 से हराकर चाइना ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। वह इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली पहली चीनी खिलाड़ी बन गईं। इस जीत के साथ झेंग ने घरेलू सरजमीं पर अपना पहला डब्ल्यूटीए 1000 खिताब जीता।
वाइल्ड कार्ड से टूर्नामेंट में प्रवेश करने वाली झेंग दाहिने हाथ की कोहनी में चोट के कारण लगभग छह महीने तक कोर्ट से दूर रहने के बाद वापसी कर रही हैं। इस मुकाबले में वह अपने पुराने अंदाज में नजर आईं। उन्होंने दमदार फोरहैंड शाट के दम पर रैलियों में दबदबा बनाया और आंद्रिवा के विरुद्ध कोर्ट के कोणों पर सटीक शाट लगाकर अंक हासिल किए।
शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे की सर्विस तोड़ी। इसके बाद दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी आंद्रिवा ने मजबूती दिखाते हुए 5-4 की बढ़त बना ली। झेंग की एक क्रास-कोर्ट शाट कोर्ट से बाहर चली गई, जबकि उनका फोरहैंड नेट में उलझ गया। इससे आंद्रिवा को सर्विस तोड़कर निर्णायक बढ़त हासिल करने का मौका मिला।
हालांकि, झेंग ने तीन ब्रेक पाइंट बचाकर स्कोर 5-5 कर दिया। अगले गेम में आंद्रिवा की गलतियों का फायदा उठाते हुए उन्होंने अपनी तेज बैकहैंड से रूसी खिलाड़ी को चकमा दिया और उनकी सर्विस तोड़कर पहला सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में भी मुकाबला कड़ा रहा। स्कोर 4-4 होने पर आंद्रिवा ने तीन ब्रेक पाइंट बचाए, लेकिन झेंग ने लगातार दबाव बनाए रखते हुए उनकी सर्विस तोड़ दी। इसके बाद अगले गेम में सटीक ऐस लगाकर उन्होंने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

More Stories
वेस्टइंडीज ने रचा इतिहास, T20 इंटरनेशनल में 2000 छक्के लगाने वाली पहली टीम बनी
संजू सैमसन की टीम इंडिया में जगह पर सवाल, क्या वेस्टइंडीज सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?
इंदौर T20 में भारत की जीत, वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त