बिहार के काल्पनिक गांव धड़कपुर की कहानी पर आधारित वेब सीरीज ‘दुपहिया’ का सीजन 2 अब अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है. सीजन के प्रीमियर से पहले स्पर्श श्रीवास्तव और रेणुका शहाणे ने शो में अपने-अपने किरदारों को निभाने की तैयारियों के बारे में बात की. स्पर्श जहां भोगोल झा के किरदार में नजर आ रहे हैं, वहीं रेणुका शहाणे ने गांव की सरपंच पुष्पलता यादव का किरदार निभाया है.
‘दुपहिया’ में स्पर्श श्रीवास्तव का किरदार भोगोल झा एक ऐसा लड़का है, जो एक्टर बनने का सपना देखता है. सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए वह लड़की का रूप धरकर रील्स बनाता है. एक इंटरव्यू के दौरान जब स्पर्श से कहा गया कि इन सीन्स में उन्हें पहचानना तक मुश्किल हो जाता है, तो वह हंस पड़े.
जब स्पर्श से पूछा गया कि लड़की का किरदार निभाने में उन्हें किसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ा, तो उन्होंने कहा कि शायद इसकी तैयारी उनके भीतर पहले से ही थी. उन्होंने बताया कि बचपन में उनकी मां ने उन्हें कथक सिखाया था और उन्होंने करीब तीन साल तक कथक की ट्रेनिंग ली है.
स्पर्श ने कहा, मुझे लगता है कि वो चीजें मेरे अंदर पहले से थीं, क्योंकि जब मैं छोटा था तो मेरी मां ने मुझे कथक सिखाया था. मैंने तीन साल तक कथक सीखा है इसलिए हाथों के वो हाव-भाव और वो ग्रेस कहीं न कहीं मेरे अंदर पहले से था. बचपन में मैं आगरा के स्थानीय मंचों पर फ्रॉक पहनकर डांस भी करता था तो मुझे लगता है कि वो चीज हमेशा मेरे अंदर कहीं न कहीं थी. हालांकि, काफी लंबा वक्त हो गया था जब मैंने उस कला की दोबारा प्रैक्टिस की थी.
आसान नहीं था लड़की का गेटअप…
बचपन में कथक सीखने का अनुभव स्पर्श के लिए जरूर मददगार रहा, लेकिन लंबे अंतराल के बाद दोबारा उस अंदाज में आने के लिए उन्हें मेहनत करनी पड़ी. उन्होंने कहा कि उन्हें पहले सीजन में भी ऐसा करते वक्त थोड़ी परेशानी हुई थी और इस बार भी रिहर्सल के दौरान समय लगा.
उन्होंने कहा, जब मैंने इस बार रिहर्सल शुरू की और पिछले सीजन में भी जब हमने ये किया था, तो शुरुआत में थोड़ा मुश्किल लगा लेकिन धीरे-धीरे मैं इसे सही तरीके से करने लगा. हालांकि, सबसे मुश्किल हिस्सा सही ड्रेस पहनना है. वो घाघरा, चोली और वो ब्लाउज इतना टाइट होता है. वो कपड़े कैसे फिट होते हैं, उसमें रहना ही बहुत मुश्किल है इसलिए सभी लड़कियों को सलाम है.
वहीं, ‘दुपहिया’ में रेणुका शहाणे ने धड़कपुर की सरपंच पुष्पलता यादव का किरदार निभाया है. अभिनेत्री ने बताया कि उनके लिए बिहारी लहजे और बोली को पकड़ना काफी चुनौतीपूर्ण था.महाराष्ट्र से आने की वजह से उन्हें इस बोली के साथ सहज होने में वक्त लगा.
रेणुका ने बताया, हमारे साथ भाषा के एक एक्सपर्ट रवि जी थे, जिन्होंने मुझे ट्रेनिंग दी. सबसे ज्यादा ट्रेनिंग उन्होंने मुझे ही दी, क्योंकि मैं इस बोली से सबसे कम परिचित थी. मुझे इस लहजे के साथ सहज होने में काफी वक्त लगा लेकिन अब ये मेरे अंदर इस तरह बस गया है कि कई बार मैं सामान्य हिंदी भी उसी लहजे में बोलने लगती हूं.
अभिनेत्री ने बिहारी भाषा की खासियत की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें इसमें सबसे दिलचस्प बात यह लगती है कि बेहद तीखी और असरदार बात भी बहुत खूबसूरती से कही जा सकती है. उन्होंने कहा, मुझे ये बहुत दिलचस्प लगता है कि आप सबसे कड़ी बात भी बहुत सधे हुए और संक्षिप्त तरीके से कह सकते हैं. इसमें एक अलग ही आनंद है. अब मैं इस बोली के साथ काफी सहज हूं.
‘दुपहिया’ के दूसरे सीजन में स्पर्श श्रीवास्तव और रेणुका शहाणे के अलावा गजराज राव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी, यशपाल शर्मा, अंजुमन सक्सेना और दिनेश लाल यादव (निरहुआ) भी अहम भूमिकाओं में हैं. सीरीज का दूसरा सीजन एक अक्टूबर 2026 से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है.

More Stories
‘बिग बॉस’ के बाद फिर ठेले पर लौटीं ‘वड़ा पाव गर्ल’, अब बेच रही हैं मोमोज
अरबाज खान से सलमान पर पूछा सवाल तो बिगड़ा माहौल, जवाब दिए बिना पैपराजी से चले गए एक्टर
37 साल की हसीना का बोल्ड बीच लुक वायरल, 8 साल बड़े ‘क्रिकेट होस्ट’ संग दिखी रोमांटिक केमिस्ट्री