August 13, 2026

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ एवं जीआरपी का संयुक्त सघन जांच अभियान

प्रदेश टाइम्स

भोपाल। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान निरीक्षक श्री के.एस. रावत, सहायक उप निरीक्षक श्री डी.एस. दुबे एवं रेलवे सुरक्षा बल के जवानों तथा रानी कमलापति राजकीय रेलवे पुलिस थाना प्रभारी श्री अमित शर्मा एवं पुलिस बल द्वारा स्टेशन परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई। इस दौरान स्टेशन परिसर, आरक्षण कार्यालय, यात्री आरक्षण प्रणाली केंद्र, सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्सल कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।

सुरक्षा अभियान के दौरान स्टेशन पर कार्यरत कुलियों एवं ऑटो चालकों को एकत्रित कर विशेष रूप से समझाइश दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि स्टेशन परिसर अथवा आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु अथवा असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा राजकीय रेलवे पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक सुरक्षा कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही स्टेशन परिसर एवं पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की भी सघन जांच की गई। जांच के दौरान कोई भी लावारिस अथवा संदिग्ध वाहन नहीं पाया गया।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। यात्रियों के सामान एवं लगेज की सामान जांच मशीन तथा हाथ से संचालित धातु पहचान यंत्र के माध्यम से जांच की जा रही है। स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों एवं अन्य व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपने सामान एवं कीमती वस्तुओं की स्वयं निगरानी रखें। किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और न ही उसके पास जाएं। ऐसी कोई वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा राजकीय रेलवे पुलिस को सूचना दें।

सीनियर डीसीएम श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में विशेष सतर्कता, निगरानी एवं जांच अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।