नई दिल्ली। असम के संगीत सम्राट जुबिन गर्ग की आखिरी फिल्म ‘रोई रोई बिनाले’ शुक्रवार को रिलीज हो गई। पोस्टर में जुबिन समुद्र के पानी को छूते नजर आ रहे हैं। विडंबना ये कि समुद्र ने ही 19 सितंबर को सिंगापुर में उनको अपने आगोश में ले लिया। जुबिन ने जिंदगी में लोगों को जोडऩे का काम किया। बता दें जुबिन गर्ग का सफर 1992 के एल्बम ‘अनामिका’ से शुरू हुआ था। ‘माया’ और बॉलीवुड के सुपरहिट गाने ‘या अली’ के जरिए उन्होंने दिलों में जगह बनाई। उन्हें ‘ज़ुबिनिज्म’ का प्रतीक कहा गया, एक ऐसी भावना, जो संगीत और सिनेमा के जरिए लोगों को जोड़ती है।
जानकारी के मुताबिक फिल्म ‘रोई रोई बिनाले’, जिसमें जुबिन एक अंधे सिंगर का रोल निभाते नजर आ रहे हैं, जो समुद्र को महसूस करना चाहता है। इस फिल्म का नाम ही असमिया में ‘रोई रोई बिनाले’ है, जिसका अर्थ है ‘रुक-रुक कर रोना’, जो आज असम के साथ पूरे भारत में हर घर जुबिन गर्ग का फैन महसूस कर रहा है। फिल्म रिलीज से पहले ही इसका जादू देखने लायक था। असम के करीब 80 सिनेमाघरों ने अपने सभी दूसरे शो रद्द कर सिर्फ रोई रोई बिनाले’ के लिए पर्दे खोले। इतना ही नहीं, राज्य में पहली बार सुबह 4.35 बजे का शो रखा गया। बंद पड़े दो थिएटर सालों बाद इसी फिल्म के लिए खोले गए। फिल्म ने असम की सिनेमा की तस्वीर बदल दी। फिल्म ने रिलीज से पहले ही 50 लाख रुपए का बिजनेस कर लिया था, जो असम की किसी भी फिल्म के लिए एक नया रिकॉर्ड बन गया है। लेखिका रीता चौधरी से आखिरी बातचीत में जुबिन ने इस फिल्म को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था- ‘ये कहानी मेरे पास 19 साल से है। वह इस फिल्म के लिए पिछले तीन साल से मेहनत कर रहे थे। फिल्म समुद्र से शुरू होकर समुद्र पर ही खत्म होती है।
फिल्म की रिलीज से कुछ दिन पहले, जुबीन की पत्नी गरिमा ने उनका एक लेटर शेयर किया था, जो उन्होंने 15 सितंबर को फैंस के नाम लिखा था, इसमें जुबीन ने लिखा था- ‘रुको, थोड़ा और रुको- मेरी नई फिल्म आ रही है। जरूर देखना। प्यार, ज़ुबीन दा’। यह खत आज उनकी आखिरी विदाई का संदेश बन गया। जुबिन की पत्नी और को-प्रोड्यूसर गरिमा सैकिया गर्ग ने दुख के बावजूद, अपने पति का वादा निभाते हुए 31 अक्टूबर को फिल्म रिलीज करा दी। असम सरकार ने भी घोषणा की है कि ‘रोई रोई बिनाले’ से मिलने वाले राज्य के जीएसटी हिस्से को जुबिन के ‘कलागुरु आर्टिस्ट फाउंडेशन’ को दान किया जाएगा। वह संस्था जो उन्होंने कलाकारों और बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बनाई थी।

More Stories
बॉक्स ऑफिस क्लैश: ‘है जवानी तो इश्क होना है’ बनाम ‘पेड्डी’, प्रोड्यूसर का रिएक्शन वायरल
नागिन 7 में बड़ी गलती: लाइव एपिसोड में दिखी ब्लू स्क्रीन, मचा बवाल
विजय का पुराना वीडियो फिर चर्चा में: चर्च यात्रा और राजनीति से कनेक्शन