संघ की शताब्दी पर निखिल नंदा की नई फिल्म आखिऱी सवाल

मुंबई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शताब्दी वर्षगांठ पर इसके इतिहास और रहस्यों को बड़े पर्दे पर पेश करने के लिए फिल्मकार निखिल नंदा ने अपनी नई फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का ऐलान किया है। यह फिल्म निखिल नंदा के बैनर निखिल नंद मोशन पिक्चर के बैनर तले बनाई जा रही है और आरएसएस के 100 वर्षों के सफऱ को रेखाकिंत-फिल्मांकन करेगी। 1925 में स्थापित आरएसएस की शुरुआत व्यक्तिगत चरित्र निर्माण और सामाजिक सेवा के लिए हुई थी, जो धीरे-धीरे राष्ट्र निर्माण, आपदा राहत और समाज के नवनिर्माण में सक्रिय हो गया। संगठन ने समय-समय पर लगे प्रतिबंधों के बावजूद अपनी उपस्थिति बनाए रखी और आज इसकी शाखाएँ भारत और विदेशों में सक्रिय हैं। फिल्म का निर्देशन अभिजीत मोहन वरंग कर रहे हैं। लेखन उत्कर्ष नैथानी का है। जबकि निखिल नंदा और उज्ज्वल आनंद फिल्म के निर्माता हैं। दीपक सिंह सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं। आखिरी सवाल फिल्म में हाई-ड्रामा, दुर्लभ आर्काइव फ़ुटेज और व्यक्तिगत गवाहियों के माध्यम से आरएसएस के सामाजिक और मानवीय पहलुओं को दिखाया जाएगा। निखिल नंदा का कहना है कि यह फिल्म सिर्फ कहानी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर उठने वाले हर सवाल का जवाब है। फिल्म अप्रैल 2026 में देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

एनिमल लवर रवीना ने उठाया पालतू जानवरों का मुद्दा

बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एयर इंडिया पर नाराजगी जताई है। उनकी नाराजगी की वजह एयर इंडिया का पालतू जानवरों के साथ सफर करने वाले यात्रियों के प्रति व्यवहार है। रवीना ने ट्वीट कर एयर इंडिया से गुजारिश की कि वे इस मामले में अकासा एयर से सीख लें। हाल ही अकासा एयर ने ‘पेट्स ऑन अकासा’ नामक नई सर्विस शुरू की है। इस सुविधा के तहत यात्री अब अपनी फ्लाइट में दो पालतू जानवरों को साथ ले जा सकते हैं और इसकी बुकिंग केवल 24 घंटे पहले भी की जा सकती है। इससे पहले अकासा एयर में सिर्फ एक पालतू जानवर को ले जाने की अनुमति थी। इस बदलाव के बाद रवीना ने अपने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि एयर इंडिया सीख लो। कभी-कभी आप सभी पालतू जानवरों के पैरेंट्स को बहुत असुविधा में डाल देते हैं। हमारे बेबी फ्लाइट में ज्यादातर यात्रियों से बेहतर व्यवहार करते हैं। रवीना टंडन खुद भी एनिमल लवर हैं और उनके पास कई पालतू कुत्ते हैं। वे अक्सर अपने डॉग्स के साथ बिताए पलों और उनके संरक्षण से जुड़ी पोस्ट शेयर करती रहती हैं। इस बार उनका यह ट्वीट पालतू जानवरों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और एयरलाइन सर्विस में सुधार की दिशा में एक संदेश माना जा रहा है।