नई दिल्ली। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं दिल्ली के पहले अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि वे असाधारण नेता थे, जिन्हें लोगों की समस्याओं की गहरी समझ थी। उनके निधन की खबर से भाजपा परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है।
दिल्ली भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उनके निधन की पुष्टि करते हुए लिखा है, कि भाजपा के वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। दु:ख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, विजय कुमार मल्होत्रा एक असाधारण नेता थे, जिन्हें लोगों की समस्याओं की गहरी समझ थी। उन्होंने दिल्ली में भाजपा को मज़बूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें उनके संसदीय योगदानों और संगठनात्मक क्षमता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है।
बता दें कि विजय कुमार मल्होत्रा लंबे समय तक भाजपा और जनसंघ से जुड़े रहे और उन्होंने संगठन को खड़ा करने में अग्रणी भूमिका निभाई। वह दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष होने के साथ-साथ संसद में पार्टी के सशक्त प्रतिनिधि रहे। उन्हें एक प्रखर वक्ता और संगठनकुशल नेता के रूप में जाना जाता था। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को भाजपा के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है।

More Stories
AI Impact Summit 2026 में गूंजा भारत का दम, राघव चड्ढा बोले- दुनिया में बढ़ी देश की पहचान
यूजीसी एक्ट के समर्थन में फिर गरमाया माहौल, इस जिले में सड़कों पर उतरे लोग
8वें वेतन आयोग पर सरकार सख्त, केंद्रीय कर्मचारियों को दिया बड़ा संकेत