मप्र की तर्ज पर बिहार में बूथ प्रबंधन, वीडी संभालेंगे मोर्चा

भोपाल। भाजपा ने बिहार चुनाव को लेकर रणनीतिक रूप से राजनीति तेज कर दी है। मध्यप्रदेश के नेताओं की फौज चुनाव मैदान में उतार दी है। मप्र से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा को पटना जोन की कमान सौंपी गई है। बिहार चुनाव में मध्यप्रदेश की तर्ज पर बूथ प्रबंधन और शक्ति केंद्रों पर विशेष फोकस रहेगा। बता दें कि पटना जोन में आठ लोकसभा और 42 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। बिहार चुनाव में मतदान होने तक वीडी शर्मा यहां चुनावी मोर्चा संभालेंगे। भाजपा ने तय किया है कि मध्यप्रदेश मॉडल के तहत बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर चुनाव में बढ़त बनाई जाएगी।

जिम्मेदारी मिलते ही वीडी शर्मा मुंगेर और बेगूसराय लोकसभा सीट पहुंच गये हैं। रविवार को वीडी शर्मा ने चुनाव के मद्देनजर के पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान बूथ स्तर तक की चुनौतियों और रणनीति पर चर्चा हुई। बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से भी वीडी शर्मा ने मुलाकात कर चुनावी समीकरणों पर विचार-विमर्श किया। बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मलहोत्रा, हरियाणा के पूर्व मंत्री हसीन जी और यूपी के विधायक शुलभ मणि भी मौजूद रहे।

वीडी शर्मा ने बताया कि इस दौरान उनका पूरा फोकस बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और मतदाता जागरूकता बढ़ाने पर होगा। भाजपा का मध्य प्रदेश मॉडल बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ता प्रशिक्षण और मतदाता संपर्क पर केंद्रित है। बिहार में इसे लागू कर पार्टी वोट शेयर बढ़ाने और संगठनात्मक कमियों को दूर करने की रणनीति पर काम कर रही है। वीडी शर्मा की अगुवाई में पटना जोन में भाजपा का लक्ष्य हर विधानसभा क्षेत्र में मजबूत आधार तैयार करना है।