बीएमसी की नई पहल, तालाबों के शुद्धिकरण के लिये दुर्गा झांकियों से एकत्र कर रहा नींबू

भोपाल। भोपाल नगर निगम (बीएमसी) ने गणेशोत्सव और नवरात्रि पर्व के दौरान झांकियों और मंदिरों से एकत्र किए जा रहे निर्माल्य कलेक्शन में इस बार एक नई पहल की है। पहली बार झांकियों से एकत्र किए जा रहे नींबूओं का उपयोग शहर के तालाबों के शुद्धिकरण के लिए किया जाएगा। यह पहल भोपाल की जीवनदायिनी में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए की गई है। इससे न केवल झीलों के पानी की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि शहर के लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिलेगा।

बीएमसी के अधिकारियों के अनुसार शहर की लगभग 1800 झांकियों से निगम के वाहन निर्माल्य कलेक्शन कर रहे हैं। इस निर्माल्य कलेक्शन में फूल, नारियल, कपड़ा, श्रृंगार सामग्री और नींबू शामिल हैं। एकत्र किए गए नींबूओं का उपयोग दानापानी गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन पर बने प्लांट में बायो एंजाइम बनाने के लिए किया जाएगा। इसके बाद इस बायो एंजाइम का उपयोग तालाबों के शुद्धिकरण के लिए किया जाएगा।

हर दिन एकत्र किये जा रहे 10 नींबू और फूल
निगम अधिकारियों के अनुसार प्रतिदिन झांकियों से लगभग 10 टन फूल और इतने ही नींबू एकत्र किए जा रहे हैं। झांकी पंडालों से फूल, नारियल, कपड़ा, श्रृंगार सामग्री और नींबू आ रहे हैं। इसके साथ निगम द्वारा नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे पॉलीथिन का उपयोग न करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें। इससे शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में मदद मिलेगी।

पॉलीथिन के उपयोग पर सख्ती
निगम अधिकारियों के अनुसार की निगम के सभी 21 जोन की टीमें अपने-अपने इलाकों के झांकी पंडालों पर पॉलीथिन के उपयोग पर नजर रखे हुए हैं। इलाकों में पॉलीथिन की बिक्री, उपयोग और स्टॉक पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी निगम इस तरह की पहल जारी रखेगा। शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए नए-नए तरीके अपनाएगा। इससे शहर के निवासियों को बेहतर जीवनशैली मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।