वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को व्यापार के जरिए हल कराने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई युद्धों को रोकने में मदद की है और इसके लिए उन्होंने नोबेल शांति पुरस्कार की मांग भी कर दी। इस बार उनका दावा है कि उन्हें हर युद्ध रोकने के लिए कुल सात नोबेल पुरस्कार मिलने चाहिए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने 10 मई को सोशल मीडिया पर लिखा था कि भारत और पाकिस्तान ने अमेरिका की मध्यस्थता में हुई लंबी बातचीत के बाद तुरंत पूर्ण युद्धविराम पर सहमत हो गए थे। इसके बाद से ट्रंप 40 से ज्यादा बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने दोनों देशों के बीच तनाव कम कराया। हालांकि भारत ने उनके दावे का समर्थन नहीं किया है। भारत ने लगातार किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से इनकार किया है।
ट्रंप ने शनिवार को कहा था कि विश्व मंच पर हम फिर से ऐसे काम कर रहे हैं जिनके लिए हमें एक स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है जैसा पहले कभी नहीं हुआ। हम शांति समझौतों को बना रहे हैं, और हम युद्धों को रोक रहे हैं। इसलिए हमने भारत और पाकिस्तान, थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्धों को रोका। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि भारत और पाकिस्तान के बारे में सोचें और आप जानते हैं कि मैंने इसे कैसे रोका- व्यापार के जरिए। वे व्यापार करना चाहते हैं और मैं दोनों देश के नेताओं का बहुत सम्मान करता हूं।
ट्रंप ने दावा किया कि मैंने भारत से कहा, देखो, हम कोई व्यापार नहीं करेंगे अगर तुम लड़ाई करोगे और उनके पास परमाणु हथियार हैं। उन्होंने रोक दिया है। भारत और पाकिस्तान ने 10 मई को चार दिनों के बाद संघर्ष को समाप्त करने पर समझौता किया। भारत लगातार यह कहता रहा है कि पाकिस्तान के साथ शत्रुता समाप्त करने पर समझौता दोनों सेनाओं के डीजीएमओ के बीच सीधे बातचीत के बाद हुआ था। ट्रंप ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि अगर वह रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष को रोक सकते हैं, तो उन्हें नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने कहा, ठीक है, सात अन्य के बारे में क्या? मुझे हरेक युद्ध रोकने के लिए नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए।

More Stories
वेस्ट बैंक में इजरायल की जमीन पर कब्जे की तैयारी, 8 मुस्लिम देशों ने जताई कड़ी आपत्ति — जानें पूरा प्लान
जिनेवा वार्ता से पहले ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम, बोले– डील करो वरना भुगतना होगा अंजाम
विदाई भाषण में यूनुस का विवादित बयान, ‘सेवन सिस्टर्स’ पर भारत के खिलाफ उगली आग