भोपाल। मध्यप्रदेश में सत्ता और संगठन में समन्वय बनाने के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मौजूदगी में मुख्यमंत्री निवास पर बड़ी बैठक हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, उपमुख्यमंत्री द्वय-जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल के अलावा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और राकेश सिंह शामिल हुए।
बैठक में भाजपा के संगठन और सत्ता के बीच तालमेल के साथ मप्र में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच खींचतान की आ रही खबरों को लेकर चर्चा हुई है। बता दें कि कुछ महीनों से कई जिलों से भाजपा विधायकों, और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच लगातार खींचतान के मामले सामने आ रहे हैं। खाद संकट को लेकर भिंड कलेक्टर और विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह का विवाद हाल ही में सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। ऐसे तमाम मामलों को रोकने और सत्ता-संगठन में तालमेल बनाने पर चर्चा हुई है। बैठक में कहा गया है कि सबको एक ही दिशा में प्रगतिशील रहने की जरूरत है।
इसके अलावा बैठक में भाजपा के सेवा पखवाड़े, आत्म निर्भर भारत संकल्प अभियान, जीएसटी सुधार और शस्त्र पूजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि 22 सितंबर से जीएसटी की घटी हुई दरें लागू हो रही हैं। जिसका आम जनता के बीच व्यापक प्रचार होना चाहिए। उन्होंने मंत्री-विधायकों और भाजपा कार्यकर्ताओं को इस बारे में जनता को जागरूक करने को कहा। इसके साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरे पर शस्त्र पूजन को भव्यता से मनाया जाना चाहिए।

More Stories
टीईटी 2018 पास अभ्यर्थियों को हाईकोर्ट से झटका, 7 साल बाद नियुक्ति की याचिका खारिज
कुबेरेश्वर धाम में पं. प्रदीप मिश्रा ने किया होलिका दहन, शहरभर में सौ से अधिक होलिकाओं का जलना
जबलपुर हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव और खाद्य मंत्रालय के अतिरिक्त मुख्य सचिव को किया तलब, जानें क्या है मामला