February 15, 2026

राज कुंद्रा से की पांच घंटे पूछताछ, शिल्पा शेट्टी से भी होगी पूछताछ

मुंबई। मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा से सोमवार को पांच घंटे तक पूछताछ की और उनके औपचारिक बयान दर्ज किये। दरअसल राज कुंद्रा पर 60 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले का आरोप है। इस मामले में, मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने राज कुंद्रा को 10 सितंबर को जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए तलब किया था। हालांकि, किसी कारण से पेश न हो पाने के कारण, उन्होंने अपने वकील के माध्यम से 15 सितंबर की तारीख मांगी थी। जिसके बाद वह सोमवार को मुंबई पुलिस आयुक्तालय में पेश हुए। बताया गया है कि इस मामले में अब जल्द ही शिल्पा शेट्टी को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

आखिर क्या है मामला?
एक्टे्रस शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के साथ एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ अगस्त 2025 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। इन सभी पर एक कारोबारी से 60 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक दीपक कोठारी की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है। इन पर 2015 से 2023 के बीच हुये वित्तीय लेनदेन में धोखाधड़ी का आरोप है। शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने यह पैसा अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए लिया था। इस मामले में राज कुंद्रा के प्रारंभिक बयान दर्ज हो चुके हैं। शिल्पा शेट्टी को भी आगे की पूछताछ में आर्थिक अपराध शाखा के सामने पेश होना पड़ सकता है।