इंदौर में बेकाबू ट्रक का कहर : दो की मौत, कई घायल, मुख्यमंत्री ने दिये जांच के आदेश

इंदौर। इंदौर में सोमवार शाम को एक भयावह सडक़ हादसा हुआ, जिसने पूरे शहर को दहला दिया। एयरपोर्ट रोड पर एक बेकाबू ट्रक ने कई लोगों और वाहनों को कुचल दिया, जिससे दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मरने वालों की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। इस घटना ने एक बार फिर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ट्रक दुर्घटना पर संज्ञान लेते हुये घटना की जांच के आदेश दिये हैं।

हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक (एमपी-09जेडपी ) नो-एंट्री जोन में घुस आया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ने सबसे पहले रामचंद्र नगर चौराहे पर दो बाइक सवारों को टक्कर मारी। बाइक ट्रक में फंस गई, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी। करीब एक किलोमीटर तक घिसटने के बाद बाइक में आग लग गई, जिसने ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। इंदौर जोन-1 के डीसीपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि ट्रक ड्राइवर शराब के नशे में था और इसी वजह से वह ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

मृतकों और घायलों की पहचान
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें अशोक पिता प्रहलाद दास गोपालानी (उम्र 71 साल), उनकी पत्नी काजल पति अशोक गोपालानी (उम्र 63 साल), अंकिता पति रितेश गोपालानी (उम्र 30 साल), संविद पिता रितेश दुधानी, पलक पिता अनिल जोशी और अनिल पिता लाल सिंह कोठारे (उम्र 35 साल) शामिल हैं। घायलों को बांठिया, गीतांजलि और एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल में दो शवों को लाया गया है।

पुलिस की चूक पर भडक़ीं विधायक मालिनी गौड़
स्थानीय विधायक मालिनी गौड़ ने इसे पुलिस प्रशासन की बड़ी चूक बताया हैं। उन्होंने कहा कि शहर के अंदर ट्रकों को प्रवेश की अनुमति नहीं है, फिर भी यह ट्रक कैसे अंदर आया? उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने को कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दुर्घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है।

मुख्यमंत्री ने दिये ट्रक दुर्घटना की जांच के निर्देश
इंदौर में हुई दुखद ट्रक दुर्घटना पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए मृतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। इस गंभीर हादसे के बाद, मुख्यमंत्री ने तुरंत अपर मुख्य सचिव (गृह) को इंदौर जाकर घटना का विस्तृत निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, उन्होंने रात 11 बजे से पहले शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के कारणों की प्रारंभिक और तथ्यपरक जांच के आदेश भी दिए हैं।