लव जिहाद के आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माण तोड़े

भोपाल। राजधानी भोपाल में टीआईटी कॉलेज की छात्राओं से दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के आरोपी साद और साहिल के अवैध मकानों को शनिवार सुबह जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर तोड़ दिये। जबकि तीसरे आरोपी फरहान के घर पर कार्रवाई फिलहाल इसलिये टाल दी गई, क्योंकि उसके मामले की कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी।

शनिवार सुबह 5 बजे अर्जुन नगर में भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस मामले में कोर्ट ने आरोपी पक्ष की ओर से आवेदन लगाने के बावजूद कार्रवाई पर स्टे नहीं लगाया। फरहान, साद, साहिल, नबील, अली और अबरार पर निजी कॉलेज की छात्राओं के साथ रेप और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप हैं। मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही है। गोविंदपुरा एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई होगी। पुलिस की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर बने अवैध कब्जे को हटाया गया। फरहान के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई फिलहाल के लिए टाल दी गई है। कोर्ट में लोक अदालत चल रही है, जिसके कारण लव जिहाद मामले में सुनवाई नहीं हो सकी।

आरोपी फरहान के पिता का आरोप
आरोपी फरहान के पिता रिजवान ने कहा, पुलिस ने हमसे 10 लाख रुपए की डिमांड की गई थी। करीब 15 दिन तक इस मामले को दबाए रखा। हम 2 लाख रुपए ही दे पाए, 8 लाख की व्यवस्था नहीं हुई तो मिसरोद थाने के रंजीत सिंह ने मेरे बच्चे पर लव जिहाद का केस दर्ज कर दिया। अदालत का फैसला नहीं आया है, उससे पहले ही हमारे मकान गिराए जा रहे हैं।

प्यार के जाल में फंसा करते थे दुष्कर्म
इस मामले में आरोपी बनाए गए युवकों ने गिरोह बनाकर टीआईटी कॉलेज की हिंदू छात्राओं से पहले दोस्ती की, फिर उनके साथ दुष्कर्म किया। छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया और धर्म बदलकर निकाह करने के लिए दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, इन लड़कियों से अन्य छात्राओं को भी गिरोह में फंसाने के लिए मजबूर किया जाता था।