मध्यप्रदेश भाजपा : पितृपक्ष के बाद होगा टीम हेमंत का ऐलान!

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपनी टीम (प्रदेश कार्यकारिणी) के गठन की कवायद जुटे हुये हैं। माना जा रहा है कि पितृपक्ष के बाद कभी भी टीम हेमंत का ऐलान कर दिया जायेगा। नये प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यकारिणी बनाने के लिये जो फार्मूला बनाया है, उसके अनुसार इस बार प्रदेश कार्यकारिणी से वर्तमान सांसद, विधायक और मंत्री बाहर रहेंगे। प्रदेश कार्यकारिणी में ऊर्जावान और स्वच्छ छबि वाले युवा नेताओं-कार्यकर्ताओं को शामिल किया जायेगा। बता दें कि पुरानी प्रदेश कार्यकारिणी में अभी सात सांसद और एक कैबिनेट समेत छह विधायक पदाधिकारी हैं। कार्यकारिणी में 14 प्रदेश उपाध्यक्ष, पांच महामंत्री और 13 प्रदेश मंत्री है।

मौजूदा प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी में अभी जो पदाधिकारी हैं उनमें प्रदेश उपाध्यक्ष- मुरैना सांसद संध्या राय, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीक, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, अनुसूचित जाति मंत्री नागर सिंह चौहान और आलोट विधायक चिंतामण मालवीय शामिल है। प्रदेश महामंत्री- राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, जतारा विधायक हरिशंकर खटीक और भोपाल पश्चिम विभाग भगवान दास सबनानी हैं। प्रदेश मंत्री- सागर सांसद लता वानखेड़े, जबलपुर सांसद आशीष दुबे, और जयसिंह नगर विधायक मनीषा सिंह हैं। संयुक्त कोषाध्यक्ष- उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा हैं। इसके अलावा सात मोर्चा संगठनों में से तीन की कमान सांसद और एक मंत्री के पास है। राज्यसभा सांसद नारोलिया, महिला मोर्चा की अध्यक्ष है, सांसद दर्शन चौधरी किसान मोर्चा के अध्यक्ष है और एक कैबिनेट मंत्री ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष हैं।