February 15, 2026

घोटालेबाज मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण लिये भारत ने बेल्जियम को लिखा पत्र

नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के आरोपी और भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण को लेकर भारत सरकार ने बेल्जियम सरकार को पत्र लिखा है। चोकसी इस समय बेल्जियम की एंटवर्प जेल में बंद है और उसके भारत प्रत्यर्पण का मामला सितंबर के दूसरे हफ्ते में सुनवाई के लिए तय है। हम बता दें कि मेहुल चोकसी को भारत के अनुरोध पर बेल्जियम ने अप्रैल 2025 में गिरफ्तार किया था। तब से वह एंटवर्प जेल में बंद है। हाल ही में बेल्जियम की अदालत ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बेल्जियम के न्याय मंत्री को भेजे पत्र में आश्वस्त किया है कि भारत लाए जाने के बाद चोकसी को सभी मानवीय और कानूनी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि चोकसी को सॉलिटरी कंफाइन्मेंट में नहीं रखा जाएगा। इसी के साथ सरकार ने बताया है, कि चोकसी को दिल्ली की जेल की बैरक नंबर-12 में रखा जाएगा। यहां भीड़भाड़ नहीं होगी और चौबीसों घंटे निगरानी रहेगी। उसे अपनी बैरक में फर्नीचर को छोडक़र 3 वर्ग मीटर का व्यक्तिगत स्थान मिलेगा। जेल की बैरक में कैदी को गद्दा, कपास का तकिया, चादर और कंबल दिए जाएंगे। चिकित्सीय जरूरत के अनुसार भी बिस्तर उपलब्ध कराया जा सकेगा। पर्याप्त रोशनी, हवा और व्यक्तिगत सामान रखने की जगह दी जाएगी।

स्वास्थ्य और खानपान की व्यवस्था
चोकसी को रोजाना साफ पीने का पानी, संतुलित भोजन और चौबीसों घंटे चिकित्सीय सुविधाएं मिलेंगी। शौचालय और स्नान की सुविधा भी प्रतिदिन उपलब्ध कराई जाएगी। उसे प्रतिदिन एक घंटे से अधिक समय के लिए व्यायाम और मनोरंजन की अनुमति दी जाएगी।