February 15, 2026

रेलवे शिव भक्तों को 24,100 रुपए में कराएगा सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन

12 दिन की तीर्थयात्रा 18 नवंबर से ऋषिकेश स्टेशन से शुरू होगी

नई दिल्ली।  रेलवे नवंबर के महीने में कम पैसों में सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन करायेगा।  इस यात्रा के लिये तीर्थयात्री को सिर्फ 24,100 रुपए खर्च करने होंगे। तीर्थ यात्रा 12 दिन की होगी। शुरुआत 18 नवंबर को ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से होगी।

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के तीर्थ यात्रा पैकेज में श्रद्धालुओं को ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने का मौका मिलेगा। इसके अतिरिक्त पड़ावों में द्वारकाधीश मंदिर और बेट द्वारका शामिल हैं। इस यात्रा की शुरुआत 18 नवंबर को होगी और 29 नवंबर को इसका समापन होगा। यह यात्रा कुल 11 रातें/12 दिन की होगी। हरिद्वार, लखनऊ, कानपुर और अन्य स्टेशनों पर बोर्डिंग विकल्प उपलब्ध हैं। भारत गौरव ट्रेन में कुल 767 यात्री बैठ सकेंगे। आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत आउटलेट्स के जरिए तीर्थयात्रा के लिये बुकिंग की जा सकती है। यात्रियों को बोर्डिंग के समय पहचान पत्र और कोविड-19 टीकाकरण प्रमाणपत्र साथ लाना जरुरी है।

क्या होगा ट्रेन का किराया
भारत गौरव ट्रेन का किराया कम्फर्ट (2एसी)- 54,390 रुपए प्रति व्यक्ति, स्टैंडर्ड (3एसी) -40,890 रुपए प्रति व्यक्ति, इकॉनमी (स्लीपर)- 24,100 रुपए प्रति व्यक्ति होगा। यात्रियों को शाकाहारी भोजन, होटल व धर्मशाला में ठहरने, निर्देशित भ्रमण, यात्रा बीमा और टूर एस्कॉर्ट्स की सुविधा प्रदान की जाएगी।