घाटों पर सुरक्षा के लिये सीसीटीवी लगाये, विसर्जन चल समारोह के लिये बदली रहेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था
भोपाल। ’गणपति बप्पा मोरिया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ अनंत चतुर्दशी शनिवार सुबह से राजधानी में भगवान गणपति झांकियों का विसर्जन शुरू हो गया। जहां लोग ढोल-ढमाकों के साथ गणपति बप्पा को विदाई दे रहे हैं।
हिंदू उत्सव समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि शनिवार शाम 7 बजे से सेंट्रल लाइब्रेरी के पास से सामूहिक विसर्जन जुलूस शुरू होगा, जो इतवारा, मंगलवारा, हनुमानगंज, जनकपुरी, सिंधी मार्केट, सोमवारा होते हुए कमलापति घाट पहुंचेगा। जुलूस में करीब 200 झांकियां शामिल होंगी। इस दौरान झांकियों के स्वागत के लिये मंच बनाये गये हैं। बड़े तालाब के छह घाटों पर क्रेन के जरिये गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। इसके अलावा छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिये शहर में जगह-जगह सौ से ज्यादा स्थानों पर कुंड बनाये गये हैं। देर रात तक मूर्तियों का विसर्जन चलेगा। घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। इसके साथ घाटों पर गोताखोर और पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात किए गए हैं। विसर्जन का यह सिलसिला 8 सितंबर तक चलेगा।
इन घाटों पर हो रहा प्रतिमाओं का विसर्जन
नगर निगम ने बड़े तालाब पर बड़ी झांकियों के विसर्जन के लिये छह घाट- खटलापुरा, प्रेमपुरा, संत हिरदाराम नगर बैरागढ़, हथाईखेड़ा डैम, शाहपुरा एवं आर्च ब्रिज सुनिश्चित किये हैं। इन घाटों पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है।
वार्ड-जोन स्तर पर विसर्जन कुंड भी बने
निगम अधिकारियों के अनुसार विसर्जन घाटों पर भीड़ कम से कम हो, इसके लिए निगम की ओर से बड़े घाट के रूटों पर वार्ड और जोन स्तर पर जगह-जगह विसर्जन कुंड बनाए हैं। इसके लिए अलग-अलग इलाकों के प्रमुख तिराहे और चौराहों समेत मुख्य रूट पर 100 से ज्यादा विसर्जन कुंड बनाये गये हैं। यहां छोटी मूर्तियों के विसर्जन की व्यवस्था है।
चल समारोह के दौरान ऐसी रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था
-सुबह 8 बजे से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। बड़े वाहन खजूरी सडक़, लालघाटी, करोंद, भानपुर, एयरपोर्ट, जगदीशपुर रत्नागिरी समेत सभी प्रमुख एंट्री पॉइंट से शहर में नहीं आ पाएंगे।
-शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, नादरा बस स्टैंड और अल्पना तिराहा क्षेत्र में सिटी बस और मैजिक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
-शाम 6 बजे से मंगलवारा, दयानंद चौक और जुमेराती क्षेत्र से किसी भी वाहन को बस स्टैंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
-रात 8 बजे से तीन मोहरा से भारत टॉकीज की ओर जाने वाले वाहन इस्लामी गेट और सिंधी कॉलोनी होकर ही निकल सकेंगे।
-अल्पना टॉकीज से नादरा बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहन संगम टॉकीज मार्ग से डायवर्ट होंगे।
-बैरागढ़ क्षेत्र में विसर्जन जुलूस सीहोर रोड से निकलेगा। इस दौरान भोपाल-इंदौर मार्ग पर डायवर्जन रहेगा। इंदौर- देवास की ओर जाने वाले वाहनों को लालघाटी से एयरपोर्ट तिराहा होते हुए बायपास का उपयोग करना होगा। रेलवे स्टेशन, रोशनपुरा और न्यू मार्केट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
-पुलिस कंट्रोल रूम, जेल मुख्यालय, कोर्ट चौराहा, मैदा मिल, सुभाष नगर ओवरब्रिज से होकर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। इंदौर और सीहोर से आने वाली बसें हलालपुरा बस स्टैंड पर ही समाप्त होंगी। आईएसबीटी से चलने वाली बसें भारत टॉकीज और प्रभात चौराहा मार्ग से नहीं गुजर पाएंगी, उन्हें बायपास से निकाला जाएगा।
-गुना और ग्वालियर की बसों का संचालन भी हलालपुरा से ही होगा। बैरसिया की बसें बेस्ट प्राइज तिराहा तक ही आ पाएंगी।
-रात 7 बजे से मुख्य चल समारोह भारत टॉकीज चौराहे से रवाना होकर इतवारा, मंगलवारा, गल्ला मंडी, जुमैराती, मोती मस्जिद, कमला पार्क समेत कई प्रमुख मार्गों से गुजरेगा। इस दौरान आसपास के सभी मार्गों को बंद कर दिया जाएगा।
-रेत घाट क्षेत्र में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। भारत माता चौक पर जुलूस पहुंचने पर भदभदा पुल से सिटी डिपो की ओर यातायात बंद कर दिया जाएगा।

More Stories
सेंट्रल यूनिवर्सिटी के 2 रिसर्चर्स को MPCST अवॉर्ड, डायबिटीज और स्तन कैंसर की दवा प्रणाली का विकास
होली से पहले बढ़ा एमपी का पारा, 35 डिग्री पार, मार्च में 40 डिग्री तक जाने के आसार
संघ के 100 वर्ष: मध्य प्रदेश में ‘शतक’ हुई टैक्स फ्री, सीएम ने कहा- राष्ट्रसेवा का संदेश देती है फिल्म