भोपाल। लगातार तेज बारिश के चलते भोपाल की जीवन रेखा (Life Line) बड़ा तालाब फुल टैंक लेवल तक पहुंच गया है। बड़ा तालाब के लबालब होते ही शनिवार सुबह 10.35 बजे महापौर मालती राय और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की मौजूदगी में भदभदा डैम के गेट खोल दिये गये। भदभदा के गेट खोलने से पहले रहवासियों को साइरन बजाकर अलर्ट किया गया। इसके बाद एक-एक कर डैम के दो गेट खोले गए।
बता दें पिछले 23 साल में यह दूसरा मौका है, जब सितंबर महीने में भदभदा डैम के गेट खोले गए। इससे पहले वर्ष 2003 में सितंबर में गेट खोले गए थे। जबकि पिछले वर्ष भारी बारिश के चलते 2 अगस्त को ही गेट खोलने पड़े थे। दरअसल, सीहोर जिले में बारिश होने से शुक्रवार शाम को ही बड़ा तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट तक पहुंच गया था। इसके बाद लगातार बारिश होने से तालाब का जलस्तर बढ़ गया। तालाब का जल स्तर शनिवार सुबह तक फुल टैंक लेवल 1666.80 फीट तक लेवल आ गया। इसके बाद डैम प्रबंधन ने गेट खोलने का निर्णय लिया। केरवा डैम में भी पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले साल जुलाई-अगस्त में ही ये सभी डैम लबालब भर गए थे। यही कारण है कि भदभदा, केरवा, कलियासोत और कोलार डैम के गेट अब तक नहीं खोले जा सके थे।
भदभदा डैम पर सुरक्षा बल तैनात किया
सुरक्षा की दृष्टि से भदभदा डैम पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कंट्रोल रूम से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। डैम क्षेत्र में आम लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

More Stories
उज्जैन में दर्दनाक हादसा: तालाब में नहाने उतरे दो नाबालिगों की डूबने से मौत, राघौ पिपलिया में मातम
सेंट्रल यूनिवर्सिटी के 2 रिसर्चर्स को MPCST अवॉर्ड, डायबिटीज और स्तन कैंसर की दवा प्रणाली का विकास
होली से पहले बढ़ा एमपी का पारा, 35 डिग्री पार, मार्च में 40 डिग्री तक जाने के आसार