मुंबई । हाल ही में वेब सीरीज ‘डू यू वाना पार्टनर’ का ट्रेलर रिलीज किया गया था। इसमें दो लड़कियों की कहानी है, जो अपना खुद का स्टार्टअप शुरू करने निकली हैं। इसमें एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया के साथ डायना पेंटी, जावेद जाफरी, नकुल मेहता, श्वेता तिवारी, नीरज काबी, सूफी मोतीवाला और रणविजय सिंह भी अहम किरदार में दिखाई देंगे। ये वेब सीरीज आगामी 12 सितंबर को भारत सहित दुनिया के 240 देशों में स्ट्रीम (Stream) होगी।
‘डू यू वाना पार्टनर’ में लैला के किरदार में एक्ट्रेस श्वेता तिवारी भी हैं, जो एक दबंग महिला गैंगस्टर रोल में नजर आयेंगी। श्वेता को अपने किरदार को रियल बनाने के लिए कुछ अभद्र भाषा (Hate Speech) का प्रयोग भी करना पड़ा। इस सीन को करते समय श्वेता को काफी मुश्किलें हुई। ऐसे में तमन्ना भाटिया ने आगे बढक़र उनकी मदद की, उस पल को वो कभी नहीं भूल पाएंगी। श्वेता तिवारी ने सीन को याद करते हुए कहा, सीरीज में एक सीन है, जहां मुझे डायलाग बोलने के लिये खूब अभद्र भाषा का प्रयोग करना था। इसे करते समय मैं वाकई में कांप रही थी। सबके सामने ऐसा करना मेरे लिए सहज नहीं था। मैं कोशिश कर रही थी, लेकिन मुझसे हो नहीं रहा था। तभी, तमन्ना भाटिया आगे आईं और मेरा हाथ पकडक़र जोर-जोर से डायलॉग बोलने लगीं। तमन्ना भाटिया ने ही उन्हें उस सीन को पूरा करने के लिए प्रेरित किया, वह उस मुश्किल वक्त में श्वेता के साथ खड़ी रहीं। अभिनेत्री ने बताया कि तमन्ना की वजह से ही मैं यह सीन कर पाई।
एक्ट्रेस श्वेता का कहना है कि जिस तरह से तमन्ना ने उन्हें सीन करने में मदद की, उसे वो कभी नहीं भूल पाएंगी। श्वेता ने कहा कि यह सीरीज बहुत ही दिलचस्प है, जो दर्शकों को बहुत पसंद आएगी। यह सीरीज धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी है, जिसके निर्माता करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता हैं। इस सीरीज का निर्देशन कॉलिन डी’कुन्हा और अर्चित कुमार ने किया है। इसकी पटकथा नंदिनी गुप्ता, आर्ष वोरा और मिथुन गंगोपाध्याय ने लिखी है।

More Stories
‘फिल्म रिलीज होने दें’— यश की टॉक्सिक विवाद पर कर्नाटक फिल्म चैंबर अध्यक्ष का बयान
कैंसर सर्वाइवर हिना खान ने साझा किया जीवन मंत्र: ‘हर दिन को पूरी तरह जियो’
रामायण का भूला हुआ अंगद: मुस्लिम अभिनेता जिसने लंका में रखा पैर, पर हिला न सका कोई महाबली