राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह में शिक्षकों को मुख्यमंत्री का तोहफा
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिक्षक दिवस पर शुक्रवार को भोपाल के प्रशासन अकादमी सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। इसके साथ ही शासकीय विद्यालयों में कक्षा एक से 8 तक के 55 लाख विद्यार्थियों के खातों में शाला गणवेश (यूनीफार्म) की 330 करोड़ की राशि ट्रांसफर की। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के डेढ़ लाख शिक्षकों को जल्द चौथा क्रमोन्नति वेतनमान देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे 117 करोड़ का अतिरिक्त भार सरकार पर आएगा लेकिन इसमें भी हमें आनंद की अनुभूति होगी। सरकार शिक्षकों के लिए हमेशा बेहतर काम करेगी। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने स्वागत भाषण दिया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के सरकारी शिक्षक देश में मौजूद हर बोर्ड (सीबीएसई और आईसीएससी) को सीधी टक्कर दे रहे हैं। यही कारण है कि हमारे सरकारी स्कूलों के बच्चे देश में आयोजित होने वाली कठिन परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षकों के लिए जल्द ही कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर चौथा समयमान वेतनमान लागू किया जाएगा। समारोह में प्रदेशभर से चयनित 14 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इन्हें 25 हजार रुपए की सम्मान निधि, शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र दिए गए। कार्यक्रम के दौरान 55 लाख स्कूली छात्र-छात्राओं के खातों में 330 करोड़ रुपए यूनीफार्म के लिए ट्रांसफर किए गए।
प्राथमिक और माध्यमिक श्रेणी के आठ शिक्षक सम्मानित
गुना की शासकीय प्राथमिक शाला बिसोनिया के जितेन्द्र शर्मा (शासकीय प्राथमिक शाला बिसोनिया, गुना), दिलीप जायसवाल (शासकीय उ.मा.वि. क्रमांक-2, शाजापुर), दिलीप कटारे (ईपीईएस स्कूल भाटीवाड़ा, सिवनी), श्रीकांत कुर्मी (शासकीय प्राथमिक स्कूल बसिया, दमोह), श्रद्धा गुप्ता (शासकीय उ.मा.वि. रुस्तमपुर, खंडवा), मोहन सिंह गौंड (शासकीय माध्यमिक स्कूल, दमोह), अपूर्व शर्मा (शासकीय माध्यमिक शाला, चंदेसरा, उज्जैन) और धनराज वाणी (शासकीय माध्यमिक शाला,अलीराजपुर)।
उच्चतर माध्यमिक श्रेणी के छह शिक्षक सम्मानित
धार के शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.वि. बाग की राधा शर्मा, जबलपुर मेडिकल कॉलेज स्थित शासकीय उ.मा.वि. के डॉ. नरेन्द्र कुमार उरमलिया, सागर के शासकीय उ.मा. संभागीय ज्ञानोदय स्कूल के महेन्द्र कुमार लोधी, रतलाम के शासकीय उ.मा.वि. जावरा की विनीता ओझा, राजगढ़ के शासकीय हाई स्कूल की डॉ. सरिता शर्मा और बालाघाट के शासकीय मॉडल स्कूल बिरसा के सौरभ कुमार शर्मा।
मप्र के दो शिक्षक को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा हर वर्ष दिए जाने वाले राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए इस बार मध्यप्रदेश के दो शिक्षकों का चयन हुआ है। इनमें दमोह जिले के पथरिया विकासखंड की शासकीय प्राथमिक शाला की शिक्षक शीला पटेल और आगर-मालवा जिले के खेरिया गांव में शासकीय ईपीईएस माध्यमिक शाला के शिक्षक भैरूलाल ओसारा शामिल हैं। दोनों शिक्षकों को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया।

More Stories
सोनम रघुवंशी की फेरों वाली साड़ी होली में जलाई, राजा रघुवंशी हत्याकांड पर परिवार का बड़ा फैसला
एक अप्रैल से जबलपुर के स्कूली वाहनों में एलपीजी किट पर लगेगा प्रतिबंध
उज्जैन में दर्दनाक हादसा: तालाब में नहाने उतरे दो नाबालिगों की डूबने से मौत, राघौ पिपलिया में मातम