February 16, 2026

बारिश-बाढ़ से तबाही… कई राज्यों के लिए अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश कई राज्यों में इस साल बारिश से भारी तबाही हुई है। जिसमें जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है,। बड़ी संख्या में लोग लापता हैं। हजारों लोग बेघर हो गए। खेती-वाड़ी को भी भारी नुकसान हुआ है। इसके बाद भी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी दी है। बारिश से सबसे बुरे हाल जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में बताये जाते हैं।

रिपोर्टस के अनुसार पंजाब वर्तमान में दशकों में आई सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण सतलज, ब्यास और रावी नदियों के साथ-साथ मौसमी नालों के उफान पर आने से यह बाढ़ आई है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक सैलाब में 37 लोगों की मौत हुई है और 3.55 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। 1.75 लाख हेक्टेयर से अधिक की कृषि भूमि पर फसलें नष्ट हो गई हैं। हिमाचल के राज्य आपात परिचालन केंद्र के अनुसार राज्य में कुल 1,292 सडक़ें बंद हैं जिनमें से 294 मंडी, 226 कुल्लू, 216 शिमला, 204 चंबा और 91 सिरमौर ज़िले में हैं। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार और शनिवार को राज्य के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और बिजली कडक़ने के साथ बारिश की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल में अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं और सडक़ हादसों में 343 लोगों की मौत हो चुकी है और 43 लोग लापता हैं।

राजधानी दिल्ली में भी अलर्ट
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के कुछ इलाकों में गुरुवार को भी बारिश हुई। आगे और बारिश होने के अनुमान को देखते हुए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि पूर्व, दक्षिण, मध्य, नयी दिल्ली, उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और पश्चिमी दिल्ली में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान लगाया है। आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। गुरुवार को शहर के सफदरजंग प्राथमिक मौसम केंद्र ने शाम पांच बजे तक 2 मिमी बारिश दर्ज की, जबकि रिज और लोधी रोड केंद्रों ने 5 मिमी और 2.4 मिमी बारिश दर्ज की।

आगे क्या…
मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण में है। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिम भारत में गुजरात, सौराष्ट्र, गोवा और महाराष्ट्र में 8 सितंबर तक भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 10 सितंबर तक भारी बारिश और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और अंडमान-निकोबार में 10 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी व्यापक रूप से होने की संभावना है।