मुंबई। अगर महिला अपने मां बनने के फैसले को कुछ सालों के लिए टालना चाहती है, तो क्या विकल्प हैं और एग फ्रीज (एक महिला के अंडाणुओं को निकालकर भविष्य में गर्भधारण के लिए बहुत कम तापमान पर सुरक्षित रूप से फ्रीज करना) कराने की सही उम्र क्या है और इसे कितने साल तक किया जा सकता है। बालीवुड एक्ट्रेस सोहा अली खान ने अपने पॉडकास्ट ऑल अबाउट हर में बताया कि जब वह 35 साल की उम्र में डॉक्टर के पास एग फ्रीज कराने गईं, तो डॉक्टर ने कहा कि तुम्हारी उम्र ज्यादा हो चुकी हो। आपकी ओवरीज की फर्टिलिटी तेजी से घट रही है। सोहा ने कहा कि लोग उन्हें उस उम्र में जवान मानते थे, लेकिन मेडिकल साइंस के हिसाब से उनकी ओवरीज की क्षमता कम हो रही थी। फर्टिलिटी एक्सपर्ट के अनुसार, एग फ्रीज कराने के लिए सबसे सही उम्र 28 से 34 साल मानी जाती है। इस दौरान महिला के एग्स की क्वालिटी और संख्या दोनों अच्छी रहती हैं, जिससे बाद में मां बनने की संभावना ज्यादा रहती है।
35 साल के बाद एग्स की क्वाालिटी और संख्या धीरे-धीरे घटने लगती हैं। हालांकि, मेडिकल एडवांसमेंट की वजह से महिलाएं 40 साल तक भी एग फ्रीज करवा सकती हैं, लेकिन इस उम्र में सफलता की संभावना काफी कम हो जाती है। 40 साल के बाद क्यों मुश्किल हो जाता है? 40 साल के बाद महिलाओं के एग्स कमजोर होने लगते हैं। इसका मतलब है कि भले ही एग फ्रीज करवा लिए जाएं, बाद में प्रेग्नेंसी की संभावना बहुत कम हो जाती है। इसी वजह से डॉक्टर हमेशा सलाह देते हैं कि अगर आप बाद में मां बनना चाहती हैं, तो जल्दी प्लानिंग करें।
सोला के साथ चर्चा में सनी लियोनी भी शामिल हुईं और उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद प्राकृतिक तरीके से कंसीव नहीं किया, बल्कि सरोगेसी के जरिए मां बनीं। इसके अलावा, उन्होंने अपनी बेटी निशा को भी गोद लिया, जिससे उनका परिवार और भी खुशहाल और पूरा हुआ। सनी ने कहा कि हर महिला के लिए मातृत्व का अनुभव अलग होता है और हर किसी की परिस्थिति अलग होती है। उन्होंने यह भी बताया कि जरूरी नहीं कि हर महिला को प्राकृतिक रूप से ही मां बनने का रास्ता अपनाना पड़े। आज के समय में मेडिकल साइंस और विकल्पों की मदद से महिलाएं अपनी सुविधा और समय के अनुसार मातृत्व का फैसला कर सकती हैं। सोहा अली खान का कहना है कि यह उन सभी महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सीख है, जो करियर या व्यक्तिगत कारणों से मदरहुड को बाद में टालना चाहती हैं।
मेडिकल साइंस के अनुसार, चेहरा चाहे जितना जवान दिखे, लेकिन ओवरीज की उम्र अलग होती है। अगर आप 28-34 साल के बीच एग फ्रीज करवा लें तो बाद में मां बनने की संभावना बेहतर रहती है। 40 साल के बाद एग फ्रीज करवाना संभव तो है, लेकिन सफलता की संभावना काफी कम हो जाती है और कई बार मातृत्व का सपना सिर्फ सपना ही रह जाता है। मालूम हो कि आजकल के समय में महिलाएं अपने करियर और व्यक्तिगत जीवन को लेकर पहले सोचती हैं। पहले अपनी पढ़ाई, नौकरी या व्यवसाय में सफलता पाना चाहती हैं, उसके बाद ही मां बनने का फैसला लेती हैं। इसके अलावा शादी की उम्र भी पहले की तुलना में काफी बढ़ गई है, और महिलाओं के जीवन में कई प्राथमिकताएं बदल गई हैं।

More Stories
‘फिल्म रिलीज होने दें’— यश की टॉक्सिक विवाद पर कर्नाटक फिल्म चैंबर अध्यक्ष का बयान
कैंसर सर्वाइवर हिना खान ने साझा किया जीवन मंत्र: ‘हर दिन को पूरी तरह जियो’
रामायण का भूला हुआ अंगद: मुस्लिम अभिनेता जिसने लंका में रखा पैर, पर हिला न सका कोई महाबली