August 24, 2025

एडीजी योगेश देशमुख, राकेश गुप्ता को मिलेगा राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक

 6 आईपीएस, 6 एसपीएस समेत 21 अधिकारी-कर्मचारी पुलिस पदक से होंगे सम्मानित

भोपाल। स्वतंत्रता की पूर्व संध्या पर मप्र पुलिस के चार पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा और 17 पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक देने की घोषणा की गई है। इन आईपीएस, एसपीएस और पुलिस सेवा के अधिकारियों और कर्मचारियों को अगले साल 15 अगस्त पर दिल्ली में इन पदकों से सम्मानित किया जाएगा। विशिष्ट सेवा पदक पाने वाले अधिकारियों में मप्र पुलिस के एडीजी योगेश देशमुख, राकेश गुप्ता के अलावा कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार कौशल और हेड कांस्टेबल वाल्टर हेनरी एक्का शामिल हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सराहनीय सेवा और विशिष्ट सेवा पदक के लिए चुने गए अधिकारियों के वे ही पदनाम सूची में लिखे हैं, जो प्रस्ताव भेजते समय थे। पदक पाने वाले अफसरों में छह आईपीएस, छह एसपीएस और नौ पुलिस मुख्यालय से संबद्ध निरीक्षक, एसआई, एएसआई, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल हैं।

इन्हें मिलेगा सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा पदक से जिन अधिकारियों को सम्मानित किया जायेगा, उनमें सीमा अलावा डिप्टी कमिश्नर पुलिस, धर्मेंद्र सिंह भदौरिया डीआईजी, विजय कुमार खत्री डीआईजी, आशीष खरे एआईजी, नीरज पांडेय एएसपी, रूपेश कुमार द्विवेदी एएसपी, राजेश सहाय एसपी, दिनेश कुमार सिंह डीएसपी, प्रवीण पवार निरीक्षक, कुंजेश श्रीवास्तव निरीक्षक, वीरेंद्र सिंह डीएसपी, मनोज कुमार दुबे निरीक्षक, मनेता राय निरीक्षक, अलरिज विन्सेंट सिंह डीएसपी, राजेंद्र कुमार दुबे एएसआई, कल्याण सिंह हेड कांस्टेबल और अशोक राव सावंत एएसआई के नाम शामिल हैं।