तारा सिंह सिर्फ किरदार नहीं, बल्कि एक इमोशन है-सनी देओल

मुंबई। ब्लॉकबस्टर फिल्म गदर-2 के रिलीज को दो साल पूरे होने पर एक्टर सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास वीडियो साझा किया। वीडियो में फिल्म के यादगार सीन, थिएटर के जोश से भरे पलों और दर्शकों की प्रतिक्रियाओं को दिखाया गया है। उन्होंने लिखा कि दो साल हो चुके हैं, लेकिन प्यार अभी भी कल की तरह लगता है। हर आंसू जो आपने बहाए, आपकी ओर से लगाए गए हर नारे ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ मेरी आत्मा में बसते हैं। तारा सिंह सिर्फ एक किरदार नहीं, बल्कि एक इमोशन है। ‘गदर 2’ को अपने दिल का हिस्सा बनाने के लिए धन्यवाद।

वीडियो में सिनेमाघरों में दर्शकों का उत्साह, उनकी तालियां, नाचते-गाते फैंस और फिल्म के प्रति उनका अटूट प्यार साफ झलकता है। सनी के इस पोस्ट को फैंस ने दिल और फायर इमोजी के साथ खूब सराहा। गदर-2 में एक दशक बाद तारा सिंह और सकीना की कहानी को आगे बढ़ाया गया था। इस बार दोनों का बेटा जीते, जो बड़ा हो चुका है, पाकिस्तान में फंस जाता है और तारा सिंह उसे वापस लाने के लिए सीमा पार करते हैं।

पहले भाग में जहां अमरीश पुरी ने विलेन का किरदार निभाया था, वहीं इस बार मनीष वाधवा ने मुख्य प्रतिपक्षी की भूमिका अदा की। जीते के अपोजिट सिमरन कौर नजर आईं, जो पाकिस्तान में उससे प्यार कर बैठती हैं। सनी देओल अब बॉर्डर 2 में नजर आने वाले हैं, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है। अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित यह फिल्म जेपी दत्ता की 1997 की सुपरहिट बॉर्डर का सीक्वल है, जो 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित थी। उस फिल्म में सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ और अक्षय खन्ना सहित कई बड़े कलाकार थे।