सरकार ने दुर्घटना को राष्ट्रीय त्रासदी बताया, देश में झंडे आधे झुकाए गए
अकरा। अफ्रीकी देश घाना में एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना में देश के रक्षा और पर्यावरण मंत्री समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। वायु सेना का हेलीकॉप्टर देश के दक्षिणी हिस्से में एक जंगल में क्रैश हो गया। इसमें दो मंत्रियों के साथ दो शीर्ष अधिकारी भी शामिल थे। यह हादसा घाना में एक दशक से भी ज्यादा समय में हुई सबसे भीषण हवाई दुर्घटनाओं में से एक है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक घाना की सेना ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने सुबह राजधानी अकरा से उड़ान भरी और उत्तर-पश्चिम दिशा में अशांति क्षेत्र के ओबुआसी स्थित सोने की खदान वाले इलाके की ओर जा रहा था, तभी रडार से गायब हो गया। बाद में इसका मलबा अशांति के अंदासी इलाके में मिला। हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है। सेना ने कहा है कि मामले की जांच शुरु कर दी गई है।
रिपोर्टस के मुताबिक हादसे में रक्षा मंत्री एडवर्ड ओमान बोआमाह और पर्यावरण मंत्री इब्राहिम मुर्तला मुहम्मद के साथ सत्तारूढ़ दल नेशनल डेमोके्रटिक कांग्रेस के उपाध्यक्ष सैमुअल सरपोंग, शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मुनुरू मोहम्मद और चालक दल के चार सदस्यों की मौत हुई है। घाना सरकार ने इस दुर्घटना को राष्ट्रीय त्रासदी बताया है। वहीं, रक्षा मंत्री बोआमा के घर और पार्टी मुख्यालय पर शोक व्यक्त करने वाला का तांता लगा रहा। शोक में डूबे राष्ट्रपति महामा ने सभी सरकारी गतिविधियां तत्काल स्थगित कर दी हैं और देशभर में झंडे आधे झुका दिए गए हैं। शिक्षा मंत्री हरूना इदरीसू ने बताया कि राष्ट्रपति इस घटना से ‘गहरे भावनात्मक सदमे’ में हैं।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त विमान एक जेड-9 हेलीकॉप्टर था, जिसका इस्तेमाल परिवहन और चिकित्सा निकासी के लिए किया जाता है। दुर्घटनास्थल का एक मोबाइल फोन फुटेज सामने आया है, जिसमें घने जंगल वाले इलाके में सुलगता हुआ हेलीकॉप्टर का मलबा दिखाई दे रहा है। बता दें इसके पहले मई 2014 में घाना के तट पर एक सेवा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें कम से कम 3 लोग मारे गए थे। 2012 में राजधानी अकरा में एक मालवाहक विमान रनवे से फिसलकर यात्रियों से भरी बस से टकरा गया था, जिसमें कम से कम 10 लोग मारे गए थे।

More Stories
रूस से अमेरिका तक वार करने में सक्षम दुनिया का पहला अंतरमहाद्वीपीय फाइटर जेट Su-34, पुतिन ने किया प्रदर्शन
मोदी के स्वागत को तैयार इजरायल, नेतन्याहू बोले– ‘पर्सनल फ्रेंडशिप’ से रिश्तों में आएगी नई मजबूती
नीदरलैंड में बदली राजनीति की तस्वीर: रॉब जेटन बने देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री