उज्जैन
प्रदेशभर में अवर्षा से बिगड़े हालात और फसलों पर पड़ रहे प्रभाव को रोकने तथा प्रदेश में अच्छी वर्षा की कामना करने और जनकल्याण के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को सुबह महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन में महारुद्धाभिषेक किया। महाकालेश्वर भगवान का पंचामृत पूजन एवं उत्तम जल वृष्टि की कामना के संकल्प के साथ मंदिर के पुजारियों और 66 ब्राम्हणों के माध्यम से महारुद्राभिषेक किया।
उज्जैन महाकाल मंदिर में महाकाल के सम्मुख नंदी मंडपम में यह आयोजन हुआ। आचार्य पंडित धनश्याम शर्मा, मंदिर के पुजारियों और ब्राम्हणों के साथ मुख्यमंत्री ने यह महारुद्राभिषेक पूरा किया। महारुद्राभिषेक में 1 हजार 331 रुद्र पाठ किए गए। वर्तमान में श्रावण भादौ मास प्रचलित है इस मास में महारुद्राभिषेक का अत्यधिक महत्व है। भगवान शिव जलप्रिय है इसके लिए महारुद्राभिषेक में दूध, जल के मिश्रण की सतत धारा से अभिषेक किया गया। अभिषेक के पश्चात भगवान की आरती कर अनुष्ठान पूर्ण किया गया।
भादौ में पहली बार महारुद्राभिषेक
मध्य प्रदेश में खंड वृष्टि के चलते भादौ मास में पहली बार भगवान महाकाल का महारुद्राभिषेक किया जा रहा है। सोमवार सुबह पं.घनश्याम पुजारी के आचार्यत्व में मुख्यमंत्री भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक पूजन कर महारुद्राभिषेक का शुभारंभ किया गया।
बाबा महाकाल कृपा करेंगे और अच्छी बारिश होगी: शिवराज
महाकाल बाबा की पूजा अर्चना के बाद सीएम ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि लगभग अगस्त माह पूरा सूखा गया है और इसीलिए अब मध्यप्रदेश में सूखे की स्थिति पैदा हो रही है। फसलों पर संकट छाया है। बाबा कृपा की बारिश करें। अच्छी बारिश हो जाए। फसलें बच जाएं। किसान का, प्रदेश का कल्याण हो और देश में भी बारिश हो, सबका मंगल हो सबका कल्याण हो इसी भाव से आज बाबा महाकाल की पूजा की है। वे हम सब पर कृपा की बारिश करें। पूरी अंतरआत्मा से पूजा की है। मैं जनता से भी अपील करता हूं आप सभी अपने अपने गांव में शहरों में जो भी परम्परा है उसके अनुसार भगवान की पूजा कर अच्छी बारिश की कामना करें। प्रार्थना स्वीकार होती है। मैं आपकी सेवा करने में अपनी और सरकार की तरफ से कोई कसर नहीं छोडूगा।
इधर, शुभ संकेत: आज 21 जिलों में बारिश के आसार
मध्यप्रदेश में 11 दिन बाद आज मानसून ब्रेक खत्म हो सकता है। बंगाल की खाड़ी से सिस्टम एक्टिव होने से एक बार फिर बारिश शुरू हो जाएगी। सोमवार को प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने के आसार हैं। 5 सितंबर से अधिकांश जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के जिले अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, सागर, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया आदि में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। आईएमडी भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार को मानसून ब्रेक खत्म हो जाएगा। 6 से 7 सितंबर तक लो प्रेशर एरिया एक्टिव हो सकता है।

More Stories
MPESB Recruitment 2026: 1679 सरकारी पदों पर भर्ती, आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ी—जल्द करें अप्लाई
डेढ़ माह में भी नहीं उड़ा पाए चोरी का माल: नाबालिग साथी संग आरोपी धराया, तेल-घी और नकदी बरामद
साईं बाबा की यात्रा बड़े धूमधाम से निकल गई