लिबरेविले
मध्य अफ्रीकी देश गैबोन में बागी सैनिकों ने तख्तापलट की घोषणा करते हुए राष्ट्रपति अली बोंगो को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया है। इस बीच राष्ट्रपति अली बोंगो ओडिंबा ने जनता से इसका विरोध करने का आह्वान किया।
तख्तापलट के बाद विद्रोही सैनिकों ने गैबॉन के सरकारी टेलीविजन पर कहा कि जनरल ब्राइस क्लोटायर ओलिगुई न्गुएमा देश की कमान संभालेंगे। ओलिगुई विशिष्ट सैन्य इकाई, रिपब्लिकन गार्ड के नेता हैं। वह राष्ट्रपति अली बोंगो ओंडिम्बा के चचेरे भाई भी हैं।
इससे पहले बागी सैनिकों ने दावा किया कि राष्ट्रपति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनके परिवार का गत 55 साल से देश पर शासन रहा है। विद्रोहियों ने चुनाव परिणामों को बदलने के लिए तख्तापलट किया है।
उल्लेखनीय है कि सैन्य अधिकारियों ने तख्तापलट का यह एलान उस समय किया जब कुछ मिनट पहले देश के चुनाव आयोग ने राष्ट्रपति अली बोंगो को लगातार तीसरी बार चुनाव में विजयी घोषित किया। बगावत करने वाले सैन्य अधिकारियों ने दावा किया कि चुनाव परिणाम फर्जी हैं।
सैन्य अधिकारियों ने कहा कि वे सभी सुरक्षा और रक्षा बलों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के परिणाम को रद्द कर दिया गया है। ओलिगुई न्गुएमा को सर्वसम्मति से देश का नेतृत्व करने के लिए एक संक्रमणकालीन समिति का अध्यक्ष नामित किया गया। अगले आदेश तक देश की सारी सीमाओं को बंद कर दिया गया है और सभी सरकारी संस्थानों को भंग कर दिया गया है।
सेना के कब्जे के बाद देश की राजधानी लिब्रेविले में जोरदार गोलीबारी की खबरें सामने आई हैं। राष्ट्रपति चुनाव में ओंडिम्बा की जीत की घोषणा के तुरंत बाद राजधानी लिवरविले में गोलियों की आवाज सुनी गई। इसके बाद कई सैनिकों ने सरकारी टेलीविजन पर सत्ता अपने हाथ में लेने का दावा किया।
एक वीडियो में राष्ट्रपति अली बोंगो ओडिंबा कुर्सी पर बैठे दिखाई दिए। सैनिकों के सरकारी टेलीविजन पर बयान जारी करने के बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक उपस्थिति है। ओडिंबा ने कहा कि वह अपने आवास पर थे, जबकि उनकी पत्नी व बेटा अन्य स्थान पर थे।

More Stories
अमेरिका की बड़ी तैयारी: फौजी भर्ती का 50 साल पुराना सिस्टम होगा बदला
रूस-यूक्रेन के बीच हुआ सीजफायर, पुतिन ने किया ऐलान; जानिए कितने दिन रहेगी शांति
अमेरिका को बख्शने के मूड में नहीं ईरान, ब्लड मनी की मांग; इरान ने खुले तौर पर बताए इरादे