September 19, 2026

रविवार तड़के मल्लीताल में बंद दुकानों में धधकी आग, तीन दुकानें जलकर हुईं खाक

नैनीताल
 शहर के मल्लीताल गाड़ी पड़ाव क्षेत्र में रविवार सुबह तड़के मोबाइल की बंद दुकान में आग भड़क गई। क्षेत्रीय चौकीदार ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखी तो लोगों जानकारी दी। जिससे हड़कंप मच गया।

देखते ही देखते आग ने तीन दुकानों को चपेट में ले लिया। सूचना के बाद पहुंची दमकल विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। मगर आग में तीन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। साथ ही आसपास के अन्य भवनों में भी भारी नुकसान हो गया। दुकान स्वामियों के साथ दमकल विभाग नुकसान के आकलन में जुड़ा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक रविवार तड़के करीब तीन बजे गाड़ी पड़ाव चौकीदार ने क्षेत्र स्थित मोबाइल की दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती हुई देखी। जिससे उसके हाथ पांव फूल गए। तत्काल उसने दुकान स्वामी और आसपास के लोगों को फोन पर सूचना दी। जब तक बाहर निकल लोग मौके पर पहुंचे आग भीषण रूप ले चुकी थी।

देखते ही देखते आग ने अन्य दुकानों को भी चपेट में ले लिया। आग लगी दुकानों के ठीक ऊपर एक होटल भी स्थित है। जिसमें पर्यटक ठहरे हुए थे। होटल में धुआं भर जाने के कारण पर्यटकों और होटल कर्मियों में भी अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।