भोपाल
महिला-बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया से गुरुवार को भोपाल में उनके निवास पर राष्ट्रीय खिलाड़ी और सोलो साइक्लिस्ट जिला राजगढ़ की कु. आशा मालवीय ने सौजन्य भेंट की।
कु. आशा ने बताया कि वे सम्पूर्ण भारत में 26 हजार किलोमीटर की यात्रा करने वाली एकल महिला साइक्लिस्ट हैं। उनका उद्देश्य महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण है। उन्होंने बताया कि कारगिल विजय दिवस की रजत जयंती पर उन्होंने कन्याकुमारी-कारगिल-सियाचिन-दिल्ली यात्रा कर शहीदों को श्रद्धा-सुमन अर्पित किये। कु. आशा ने बताया कि वे दुनिया के सबसे अधिक ऊँचाई पर स्थित मोटरेबल रोड से होकर भोपाल पहुँची हैं। अब तक उन्होंने इस यात्रा में 17 हजार 200 किलोमीटर की दूरी तय कर ली है। पिछले 2 वर्षों में कु. आशा मालवीय ने लगभग 43 हजार किलोमीटर की साइकिल यात्रा की है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कु. आशा को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महिलाएँ हर क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम करने में कामयाब हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कु. आशा के हौसले ने उन्हें इस मुकाम पर पहुँचाया है और वे अन्य बच्चियों के लिये एक प्रेरणा हैं।

More Stories
महानवमी पर राज्यपाल पटेल ने किया कन्या पूजन, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
एमपी में फर्जी पासपोर्ट का बड़ा मामला, 70 पासपोर्ट से 120 विदेश यात्राएं; 100 से ज्यादा संदिग्ध
भोपाल समेत MP के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट, इंदौर-उज्जैन में दशहरे पर तेज बारिश के आसार